Thursday , March 12 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव / तीसरे चरण की 59 सीटों पर चुनाव प्रचार समाप्त, रविवार को होगा मतदान

उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव / तीसरे चरण की 59 सीटों पर चुनाव प्रचार समाप्त, रविवार को होगा मतदान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राज्य के 16 जिलों के 59 निर्वाचन क्षेत्रों में तीसरे चरण के मतदान के लिए शुक्रवार की शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया और यहां रविवार को मतदान होगा। राज्‍य के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मतदान रविवार सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा।

जानकारी के अनुसार तीसरे चरण में दो करोड़ 15 लाख से अधिक मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे और इनमें एक करोड़ 16 लाख से अधिक पुरुष 99 लाख से ज्यादा महिला मतदाता हैं जबकि एक हजार से अधिक तीसरी लैंगिक पहचान वाले मतदाता हैं। राज्‍य के 16 जिलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट भी शामिल है जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी से केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल और राज्‍य की मुख्‍य विपक्षी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आमने-सामने हैं।

मैनपुरी जिले के साथ ही हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में तीसरे चरण में कुल 627 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

तीसरे चरण वाले इन जिलों में शुक्रवार की शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव इटावा जिले स्थित अपने पैतृक गांव सैफई से मात्र चार किलोमीटर दूरी पर स्थित मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र से पहली बार विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। अखिलेश के मुकाबले केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के भाजपा उम्मीदवार के रूप में सामने आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव अपनी पारंपरिक जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

तीसरे चरण के कुल 627 उम्मीदवारों में राज्‍य सरकार के मंत्री सतीश महाना (महाराजपुर-कानपुर) व आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री (भोगांव-मैनपुरी) रामवीर उपाध्याय (हाथरस – सादाबाद) भाजपा से चुनाव मैदान में हैं जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद फर्रुखाबाद सदर से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) छोड़कर राजनीति में कूदे अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी रहे असीम अरुण भी इसी चरण में कन्नौज के सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के उम्मीदवार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)