Friday , April 10 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / दिल्ली ने तोड़ा गर्मी का रेकॉर्ड, 48 डिग्री पहुंचा तापमान

दिल्ली ने तोड़ा गर्मी का रेकॉर्ड, 48 डिग्री पहुंचा तापमान

नई दिल्ली
दिल्ली ने प्रचंड गर्मी के अपने सारे रेकॉर्ड तोड़ दिए है। निजी वेदर सर्विस स्काइमेट के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि अब तक का सबसे गर्म दिन है। प्री-मॉनसून में हो रही देरी के बीच रेकॉर्ड हाई तापमान और गर्म हवा दिल्लीवासियों की परेशानी में इजाफा कर रहा है। उधर, आईएमडी के मुताबिक पालम इलाके में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आईएमडी ने हालांकि सुबह अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई थी।

स्काइमेट के वाइस प्रेजिडेंट महेश पालावात के मुताबिक, ‘दिल्ली का पालम 9 जून 2014 के 47.8 डिग्री के तापमान को पीछे छोड़ सकता है। आज का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह जून का सबसे गर्म दिन है।’

राजधानी में सुबह तीखी धूप निकली और दोपहर होते-होते गर्म हवाएं चलने लगीं। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।आईएमडी के मुताबिक, लू से अगले दो दिनों तक राहत नहीं मिलेगी और धूल भरी आंधी चलेगी। रविवार को न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और अधिकतम तापमान मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्री-मॉनसून बारिश को तरसी दिल्ली 

जून में नहीं हुई बारिश
मॉनसून ने जहां केरल में दस्तक देकर पड़ोसी राज्यों में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है, वहीं दिल्ली में प्री-मॉनसून का भी असर नहीं दिख रहा। इस दौरान हल्की बारिश को भी राजधानी तरस गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने आज तक औसतन 7.9 मिलीमीटर बारिश पड़ जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक हल्की बारिश भी नहीं हुई है। दिल्ली वालों पर मौसम की दोहरी मार पड़ रही है। बारिश न होने का असर प्रदूषण पर भी पड़ा है। सुबह दिल्ली का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 220 पर था, जो खराब श्रेणी में आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)