Wednesday , February 11 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, दो लोग गिरफ्तार

पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव, दो लोग गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ पाए जाने के दो महीने बाद पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) को हत्या के मामले में बदल दिया है और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यहां चेंबूर इलाके में 19 अप्रैल को एक पेड़ से व्यक्ति का शव लटका मिला था।

तिलक नगर थाने के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि शुरू में पुलिस ने एडीआर दर्ज की थी, लेकिन उन्हें संदेह था कि व्यक्ति की हत्या की गई है क्योंकि शरीर पर कुछ निशान पाए गए थे। जब पुलिस ने उस इलाके के निवासियों से पूछताछ की तो कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि उन्होंने घटना के दिन दो लोगों को व्यक्ति के साथ मारपीट करते देखा था। अधिकारी ने बताया कि लोगों ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में वे वहां से चले गए क्योंकि हमलावरों ने उनकी बात नहीं सुनी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और अधिक जानकारी जुटाई।

अधिकारी ने बताया कि तकनीकी सबूतों की मदद से पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान गौतम बोराडे उर्फ टकलाया (28) और अफजल शेख (20) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने व्यक्ति की हत्या कर दी और बाद में शव को कपड़े की रस्सी की मदद से पेड़ से लटका दिया था। आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना वाले दिन वे तीनों नशे में थे। अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति ने उनसे गाली गलौच की थी, जिसके बाद आरोपियों ने गुस्से में आकर उस पर जानलेवा हमला किया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)