एनआरसी पर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और बीजेपी नेता मनोज तिवारी के बीच छिड़ी बहस ने उस वक्त विवाद का मोड़ ले लिया, जब अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बिहार का आदमी पांच सौ रुपये का टिकट खरीदकर दिल्ली आता है और पांच लाख का इलाज करवाकर वापस लौटता है। दिल्ली बनाम बाहरी के बहस के बीच अरविंद केजरीवाल ने बिहार से इलाज कराने आने वालों को लेकर एक टिप्पणी की है।उन्होंने कहा कि दिल्ली की भी एक क्षमता है और दिल्ली में बाहरी लोगों की वजह से दिल्ली के लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बाहर से भी बहुत लोग आ रहे हैं इलाज, हमने सर्वे कराया था तो पाया कि 80 फीसदी लोग दिल्ली के बाहर के हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, ‘ बिहार से एक आदमी 500 रुपए का टिकट खरीदकर दिल्ली आता है और 5 लाख रुपए का फ्री इलाज करवाकर वापस लौटता है। इससे हमें खुशी मिलती है क्योंकि वह हमारे देश के लोग हैं लेकिन दिल्ली की अपनी एक क्षमता है। दिल्ली पूरे देश के लोगों का इलाज कैसे करेगी? इसलिए व्यवस्था को सुधरना चाहिए।’
अब अरविंद केजरीवाल के बयान पर विवाद बढ़ गया है। अरविंद केजरीवाल के बयान पर दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि ‘एक बार फिर उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) घृणा का भाव दिखाया है। मोदी सरकार किसी दूसरे प्रांत के लोगों को इलाज दे रही है तो इनको दुख हो रहा है। वो तो बाहर वालों को दे नहीं रहे। वो हम और हमारी सरकार कर रही है। ये दूसरे राज्यों को लेकर केजरीवाल की घृणा को प्रदर्शित करता है। पहले एनआरसी और अब बाढ़ के समय ऐसे बयान सामने आ रहे हैं। केजरीवाल मौत बांटना चाहते हैं। उन्हें ईश्वर भी सजा देगा और दिल्ली की जनता भी। 5 लाख रुपए के इलाज के लिए इनका कलेजा क्यों फट रहा है। हमने 5 लाख के इलाज का इंतज़ाम किया है।
Dainik Aam Sabha