अम्बिकापुर/रायपुर.
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सरगुजा जिले के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग देने के उद्देश्य से NEET एवं IIT-JEE के लिए ऑफलाइन टेस्ट सीरीज आयोजित की जाएगी। इस हेतु जिले के उत्कृष्ट कोचिंग संस्थानों से आवेदन प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी, अम्बिकापुर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं में अध्ययनरत सरगुजा-30 के 30 विद्यार्थियों तथा जिले के अन्य 50 चिन्हांकित मेधावी विद्यार्थियों को वर्ष 2027 की NEET और IIT-JEE प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑफलाइन टेस्ट सीरीज आयोजित कराई जाएगी। इसके लिए सर्वश्रेष्ठ कोचिंग संस्थान का चयन किया जाएगा।
इच्छुक कोचिंग संस्थान अपने आवेदन प्रस्ताव सरगुजा जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://surguja.gov.in/ तथा कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, अम्बिकापुर के सूचना पटल पर प्रकाशित सूचना के अनुसार प्रस्तुत कर सकते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन और अभ्यास का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
Dainik Aam Sabha