
आम सभा, भोपाल : सूर्य उपासना का सबसे बड़ा त्यौहार एवं बिहार का महापर्व छठ चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व इस वर्ष 08 नवम्बर, 2021 को नहाय–खाय से प्रारम्भ होकर 09 नवम्बर को खढना/लोहण्डा/संझत तथा 10 नवम्बर को भगवान सूर्य को प्रथम अर्ध्य (सायंकाल) एवं 11 नवम्बर को द्धितीय अर्ध्य (प्रात:) देने के पश्चात सम्पन्न होगा.
आज 09 नवम्बर, 2021 को खढना/लोहण्डा/संझत के साथ छठ महापर्व का दूसरा दिन प्रारम्भ हुआ. छठ पूजा समिति के संयोजक सतेन्द्र कुमार ने बताया कि आज के छठव्रती महिला/पुरुष कच्चे चावल, गुड़, चना दाल, कच्चे का पीठा, रसिया /खीर आदि का भोग लगाते है तत्पश्चात छठव्रती श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं. छठव्रती श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने के बाद परिवार, सगे-सम्बन्धी एवं समस्त परिचित इस प्रसाद को ग्रहण करते है. इस प्रसाद का महत्त्व है.
कल 10 नवम्बर, 2021 को इस महापर्व के तीसरे दिन “प्रथम अर्घ्य” का कार्यक्रम जल स्रोतों अथवा जलाशयों, कुंडों के समीप किया जायेगा. इस महापर्व के सफल एवं पवित्रता के साथ आयोजन के लिए बिहार सांस्कृतिक परिषद् द्वारा हर वर्ष की भांति विशेष व्यवस्था की गयी.

इस छठ घाट स्वच्छता अभियान को जारी रखते हुये पवित्रता एवं स्वछता के महापर्व छठ पूजनोत्सव की व्यापक तैयारी की गयी जिसमे परिषद् के सदस्यों एवं छठवर्ती श्रद्धालुगण ने नगर निगम की सहायता से पूरे घाट एवं कुंड की सफाई की. माननीया श्रीमती कृष्णा गौर जी, संयुक्त कलेक्टर श्री मनोज वर्मा जी एवं नगर निगम के उच्च अधिकारीयों के विशेष निर्देश पर अस्थायी स्नानघर, महिला छठव्रती के लिए चेंजिंग रूम, फव्वारे, मंच एवं चलित टॉयलेट की विशेष व्यवस्था की गयी तथा छठवर्ती श्रद्धालुओ के लिए अर्ध्य देने, बैठने की समुचित एवं उत्तम व्यवस्था, नियोजित पार्किंग की व्यवस्था परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा की गयी.
महापर्व छठ पूजनोत्सव को भक्तिमय एवं धार्मिकता के साथ आध्यात्मिक रूप देने के लिए सरस्वती देवी मंदिर प्रांगण मे ही 10 नवम्बर, 2021 को सायं 04 बजे से रात्रि 08 बजे तक छठ मईया एवं अस्ताचल सूर्य देवता के मधुरिम भजनों, देवी जागरण एवं भजन गायन की मनमोहक एवं सुन्दर प्रस्तुति बिहार के प्रसिद्ध गायक भोजपुरी गायक अनुज अनमोल एवं टीम द्वारा की जाएगी.
छठ पूजा परिसर में भव्य मेले का मनमोहक आयोजन किया गया है जिसके मुख्य आकर्षण बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, मिक्की माउस, बैलून शूटिंग एवं अन्य गेम उपलब्ध हैं. इस अवसर पर धार्मिक पुस्तकें, परिधान एवं अन्य प्रदर्शनी एवं बिहारी संस्कृति के विभिन्न प्रकार के व्यंजन जैसे लिट्ठी चोखा अदि के स्टॉल लगाए गए.
परिषद के कार्यकर्ताओं, नगर निगम एवं भेल नगर प्रशासन के लोगो ने कठिन परिश्रम एवं लगन से प्रांगण की साफ-सफाई, लाईटिंग एवं साज–सज्जा से महापर्व छठ पूजनोत्सव को यादगार बना दिया है. महापर्व छठ पूजनोत्सव के भव्य आयोजन में लगभग 25 हजार श्रद्धालु एवं भक्तगण के सम्मलित होने की संभावना है. छठ पूजा के आयोजन में वैश्विक आपदा कोरोना एवं प्रशासन के समस्त निर्देशों जैसे सामाजिक दूरी, मास्क आदि का पालन किया जायेगा.
Dainik Aam Sabha