Monday , March 16 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / रुद्रप्रयाग / ब्लॉक प्रमुख चुनाव में एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं करा सकी भाजपा

रुद्रप्रयाग / ब्लॉक प्रमुख चुनाव में एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं करा सकी भाजपा

रुद्रप्रयाग। जिले के तीन विकासखंडों में संपन्न हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी। जबकि कांग्रेस जखोली विकास खंड में जीत दर्ज कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में सफल रही। वहीं अगस्त्यमुनि व ऊखीमठ में निर्दलीय प्रत्याशी भाजपा व कांग्रेस को मात देने में सफल रहे। प्रदेश में भले ही भाजपा की सरकार हो, लेकिन पंचायतों में निर्दलीय व कांग्रेस का बोलबाला हो गया है। जिले मे तीन विकास खंड हैं, इसमें जखोली विकास खंड में सामान्य सीट थी, भाजपा की ओर से विधायक भरत चौधरी के नजदीकी भूपेन्द्र भंडारी चुनाव मैदान में थे, जबकि कांग्रेस से पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप थपलियाल मैदान में थे। कांग्रेस जहां चुनाव को लेकर शुरू से ही तैयारियों में जुटी थी, वहीं भाजपा शुरूआत से लेकर अंत तक सुस्त नजर आ रही थी।

यहीं कारण रहा कि कांग्रेस प्रत्याशी दोगुने से अधिक के अंतर से भाजपा से जीत गए। वहीं जिले के अगस्त्यमुनि विकास खंड में भी शुरू से भाजपा प्रत्याशी कमजोर नजर आ रहा थी, और चुनाव परिणाम में भी निर्दलीय प्रत्याशी विजया देवी जीत दर्ज करने में सफल रही। ऊखीमठ ब्लॉक प्रमुख पर जरूर भाजपा प्रत्याशी ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन पार्टी के भीतर गुटबाजी के कारण प्रत्याशी जीत दर्ज नही कर सका। और यहां भी निर्दलीय प्रत्याशी श्वेता पांडे जीत दर्ज करने मे सफल रही। भाजपा व कांग्रेस में भीतरघात का फायदा निर्दलियों को मिला। अगस्त्यमुनि व ऊखीमठ में कांग्रेस व भाजपा नेताओं से ज्यादा निर्दलीय सक्रिय थे। यहीं कारण रहा कि ऊखीमठ व अगस्त्यमुनि में निर्दलीय ब्लाक प्रमुख बनने में सफल रहे। अगस्त्यमुनि ब्लॉक प्रमुख पर जीत दर्ज करने में सफल रही निर्दलीय विजया ने बताया कि उन्हें भाजपा व कांग्रेस सभी का समर्थन मिला, जो जीत का मुख्य कारण बना। ऊखीमठ ब्लॉक से प्रमुख चुनी गई श्वेता पाण्डे ने कहा उनकी जीत आम जनता की जीत है, सदस्यों ने पार्टी से ऊपर उठ कर उन्हें विजयी बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)