बीजापुर।
बुधवार की सुबह जिला मुख्यालय से 3 किमी दूर महादेव घाट में बीएसएफ के जवानों से भरे एक ट्रक को नक्सलियों ने बम धमाका कर उड़ा दिया। इस घटना में 5 जवान और एक नागरिक घायल हो गए। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट कर वाहन को उड़ा दिया।
ब्लास्ट के बाद घटना स्थल पर दोनों ओर से फायरिंग चल रही है। घटना स्थल पर बीएसएफ के साथ-साथ जिला पुलिस बल के जवान भी मौजूद हैं और मुठभेड़ अब भी जारी है। जिले के एसपी मोहित गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महादेव घाट मार्ग में नाले के ऊपर नक्सलियों ने आईईडी लगाया था और घात लगाकर बैठे थे।
इसी बीच वाहन वहां से गुजरा और ब्लास्ट हो गया। घटना में घायल सभी जवानों को उपचार के लिए जगदलपुर भेजा गया। गंभीर रूप से घायल दो जवानों को हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने वहां मोर्चा संभाल लिया है।