Friday , March 6 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / भोपाल के थाना प्रभारी ने इंदौर आकर महिला SI को मारी गोली, फिर कर लिया सुसाइड

भोपाल के थाना प्रभारी ने इंदौर आकर महिला SI को मारी गोली, फिर कर लिया सुसाइड

इंदौर : मध्यप्रदेश के इंदौर के पुलिस नियंत्रण कक्ष परिसर में 55 वर्षीय पुलिस निरीक्षक ने कथित प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में शुक्रवार को महिला सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस निरीक्षक हाकम सिंह पंवार (55) ने रीगल चौराहा स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष परिसर में अचानक हुए विवाद के बाद अपनी सरकारी पिस्तौल से एक महिला एएसआई को गोली मारी।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि इसके फौरन बाद पंवार ने अपने सिर में गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया, ‘‘दोनों पुलिसकर्मियों ने तात्कालिक विवाद से पहले पुलिस नियंत्रण कक्ष परिसर के एक कॉफी हाउस में कॉफी भी पी थी। उनके बीच विवाद की असल वजह अभी पता नहीं चल सकी है, लेकिन पहली नजर में सामने आए तथ्य इशारा करते हैं कि इस झगड़े की जड़ में प्रेम प्रसंग है।” मिश्रा ने बताया कि सनसनीखेज गोलीबारी में घायल एएसआई इंदौर में पुलिस के दफ्तरी काम-काज से जुड़े विभाग में पदस्थ हैं, जबकि पंवार भोपाल में तैनात थे। उधर, अस्पताल में भर्ती महिला एएसआई ने पंवार को उसके “पिता समान” बताते हुए दावा किया कि 55 वर्षीय पुलिस निरीक्षक ने उनकी पुरानी कार के सौदे के विवाद में गोलीबारी की।

महिला पुलिसकर्मी का दावा है कि उसने उसके भाई के लिए पुलिस निरीक्षक से उनकी पुरानी कार का सौदा किया था, लेकिन वह रकम लेने के बाद भी पिछले छह महीने से चार पहिया गाड़ी उसे नहीं सौंप रहे थे। एएसआई के मुताबिक उसने गाड़ी के विवाद को लेकर भोपाल स्थित आला पुलिस अफसरों को पंवार के खिलाफ शिकायत भी की थी। महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय के अधीक्षक प्रमेंद्र ठाकुर ने बताया,”गोलीबारी में महिला एएसआई को कान में चोट आई है। पहली नजर में लगता है कि गोली उसके कान को छूती हुई गुजर गई।” घटना के एक वीडियो में गोलीबारी के बाद पंवार का शव पुलिस नियंत्रण कक्ष परिसर में जमीन पर पड़ा नजर आ रहा है और इसके आस-पास काफी खून दिखाई दे रहा है। अन्य वीडियो में घायल एएसआई उसके कान से बह रहे खून को अपने हाथ से रोकने की कोशिश करते हुए दर्द से चिल्लाती नजर आ रही है और उसके साथी पुलिसकर्मी उससे पूछ रहे हैं कि उसे किसने गोली मारी? चश्मदीदों के मुताबिक दोनों पुलिसकर्मी गोलीबारी से पहले, पुलिस नियंत्रण कक्ष परिसर में बातचीत कर रहे थे। घटना के बाद शीर्ष पुलिस अधिकरियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)