कोलकाता। पश्चिम बंगाल में राजनीति हिंसा थमने का नाम ही नहीं ले रही है. खबर है कि भारतीय जनता पार्टी के बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह के घर के बाहर बुधवार रात बम फेंके गए हैं. हमलावरों ने ये बम भाटपारा स्थित मजदूर भवन के बाहर फेंके हैं. अर्जुन सिंह के परिजनों ने जानलेवा हमले का आरोप लगाया है.
जानकारी के मुताबिक लोकसभा चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में शुरू हुई हिंसा लगातार बढ़ती जा रही है. भाटपारा नगर निगम के प्रमुख और अर्जुन सिंह के भतीजे सौरभ सिंह ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने पहले तो घर के बाहर बम से हमला किया उसके बाद गोलियां भी चलाईं. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अर्जुन सिंह के घर के बाहर से कारतूस के कुछ खोखे भी बरामद किए हैं.
सौरभ सिंह ने इस हमले के पीछे सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं का हाथ बताया है. हमले के बाद से अर्जुन सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्जुन सिंह के आवास के बाहर पुलिस, आरएएफ की तैनाती की गई है. बीजेपी नेताओं की ओर से दावा किय गया है कि हमलावरों ने सात-आठ राउंड फायर भी किया गया है. हमलावरों ने जिस तरह से हमला किया है उससे लगता है कि वह पूरी तैयारी करके आए थे और उनका मकसद हमें मारना था.
Dainik Aam Sabha