Friday , March 6 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / बाबा साहेब डॉ अम्बेडकर ने सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सर्व समाज के उत्थान के लिए काम किया : डॉ. प्रभुराम चौधरी

बाबा साहेब डॉ अम्बेडकर ने सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सर्व समाज के उत्थान के लिए काम किया : डॉ. प्रभुराम चौधरी


* समता, समानता और न्याय की दिशा में बढ़ता देश : रामपाल सिंह
* डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर मंगल भवन में कार्यक्रम सम्पन्न
आम सभा – संवाददाता सिलवानी।

भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर नगर के अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, विधायक रामपालसिंह राजपूत ने डॉ अम्बेडकर जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर महान विधिवेत्ता, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरूद्ध अभियान चलाया और वंचित वर्गो को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए अतुलनीय संघर्ष किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि समाज में स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व होना जरूरी है। सभी डॉ अम्बेडकर के पद चिन्हों, उनके आदर्शो पर चलकर उन्हें श्रृद्धांजली अर्पित करें।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब ने अपना पूरा जीवन समाज को शिक्षित और सक्षम बनाने के लिए समर्पित कर दिया। बाबा साहेब ने सर्व समाज के उत्थान के लिए काम किया, सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनका सपना था कि गरीब से गरीब व्यक्ति को मुख्य धारा से जोडा जाए, तभी सही मायने में देश तरक्की की राह पर अग्रसर होगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि शिक्षा विकास की पहली सीढ़ी है। शिक्षा के बिना किसी समाज, देश या व्यक्ति का उत्थान संभव नहीं है। भारत के संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षित होने का मूल मंत्र दिया। उन्होंने देश के लिए एक समृद्ध और उत्तम संविधान की रचना की।
कार्यक्रम को संबोधित कर विधायक रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की दृष्टि न्याय और ज्ञानवर्धक समाज बनाने पर जोर देने की रही । उनका मानना था कि समाज में समानता तथा न्याय ही समाधान निकल सकता है। जिससे विषमता को दूर किया जा सकता है और उससे समता मूलक समाज बनाया जा सकता है ।
उन्होंने संवैधानिक ढांचे को ऐसा कर दिया जिसमें समतामूलक समाज की स्थापना की शक्ति मौजूद है। जिससे अनेक सामाजिक आर्थिक समस्याओं को दूर किया जा सकता है, बल्कि इससे मानव के लिए एक बेहतर समाज बनाने में भी सफलता मिल सकती है।
विधायक रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि आगे बढ़ने के शिक्षा बहुत जरूरी है। सभी बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिले, तकनीकी ज्ञान मिले इसके लिए सरकार द्वारा सीएम राइज स्कूल खोले जा रहे हैं। जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब तबके के बच्चों को शिक्षा मिलेगी। सरकार द्वारा अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के कल्याण और विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सागर में 100 करोड़ रू की लागत से संत रविदास जी का मंदिर बनवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा ही हैं। अब मुख्यमंत्री चौहान द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है, जिसमें पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक-एक हजार रू की राशि मिलेगी। कार्यक्रम के अध्यक्ष रवि माण्डरे ने अतिथियों का फूल मालाओं से स्वागत किया। मंच संचालन नरेश रघुवंशी ने किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी, विधायक राजपूत ने वरिष्ठ जनों का साल श्रीफल देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में जिलाधक्ष राकेश शर्मा सहित अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, दीपक रघुवंशी, विधायक प्रतिनिधि विभोर नायक, श्याम साहू, मुकेश राय सहित अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)