वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त में तीर्थ यात्रा कराने की योजना दिल्ली सरकार 15 जून को लांच कर सकती है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने आईआरसीटीसी से स्पेशल ट्रेन की मांग की है। ट्रेन मिल गई तो पहला धार्मिक सफर पंजाब के लिए होगा। ट्रेन दिल्ली के सफदरगंज रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पहली तीर्थयात्रा ट्रेन मुसाफिरों को स्वर्ण मंदिर व अनंतपुर साहिब गुरुद्वारे के दर्शन कराएगी। यात्रियों को बाघा बार्डर पर भी ले जाया जाएगा। यह सफर पांच दिन में पूरा होगा। रहने से लेकर खाने तक का इंतजाम दिल्ली सरकार कराएगी। इससे हर यात्री पर करीब 8,700 रुपये का खर्च आएगा। सभी यात्रियों का दो लाख रुपये तक का बीमा होगा। ट्रेन में मेडिकल सुविधा भी रहेगी। दिल्ली सरकार के पास बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। फिलहाल अंतिम सूची तैयार की जा रही है। एक बार की यात्रा में करीब एक हजार लोग शामिल होंगे।
दिल्ली सरकार के मंत्री कैलाश गहलोत के मुताबिक, योजना के तहत 5 राज्यों के तीर्थ स्थलों की पहचान की गई है। हर यात्रा में एक हजार यात्री होंगे। इसके लिए आईआरसीटीसी से करार किया गया है। योजना का एलान बीते साल किया गया था। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से विधायकों के जरिये आवेदन मंगाए गए थे। एक रूट के लिए न्यूनतम एक हजार आवेदन आने के बाद लिस्ट तैयार होगी। पंजाब रूट के लिए आवेदकों की संख्या पूरी हो गई है।
Dainik Aam Sabha