Sunday , February 15 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / प्रदेशभर में चलाया जा रहा एंटी माफिया अभियान

प्रदेशभर में चलाया जा रहा एंटी माफिया अभियान

* कॉम्बिंग गश्त के दौरान बड़वानी पुलिस ने पकड़ी हथियारों की बड़ी खेप

* बड़वानी पुलिस ने अवैध हथियारों के सौदागरों के संगठित गिरोह को धरदबोचा

* तीन कुख्यात आरोपी हिरासत में, 13 फायर आर्म्स और दर्जनभर जिंदा कारतूस बरामद

* आरोपियों से पांच लाख सैंतालीस हजार पांच सौ रुपए का मशरूका जब्त

* खरगोन में बड़ी लूट को अंजाम देने की बना रहे थे योजना

आम सभा, भोपाल।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर प्रदेश में लगातार एंटी माफिया अभियान चलाया जा रहा है। अवैध आग्नेय अस्त्रों के निर्माण एवं बिक्री को जड़ से नष्ट करने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार देर रात कॉम्बिंग गश्त के दौरान बड़वानी जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली । थाना सेंधवा (शहर) पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रियता दिखाते हुए हथियारों की बड़ी खेप डिलीवर करने वाले हथियारों के सौदागरोंं के संगठित गिरोह को वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोचा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन कुख्यात आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे कुल 13 फायर आर्म्स और दर्जन भर जिंदा कारतूस बरामद किए।
*इस तरह आरोपियों को धरदबोचा:-*
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों व एसडीओपी को अवैध हथियारों का निर्माण एवं विक्रय करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और रात्रि में कॉम्बिंग गश्त कर विशेष चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए सेंधवा शहर टीआई राजेश यादव ने एएसपी आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी सेंधवा श्री कमल चौहान के मार्गदर्शन में टीम का गठन किया। टीम को मुखबिर के माध्यम से ज्ञात हुआ कि कुछ आपराधिक तत्व पलसूद के सिकलीगर से भारी मात्रा में हथियार लेकर रात्रि में करीब 12 बजे सेंधवा की ओर आने वाले हैं । सूचना पर 2 टीमें गठित की गईं और उन्हें जोगवाड़ा रोड पर अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया। संदिग्ध लोगों के मोटरसाइकिल से आते दिखने पर दोनों टीमों ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनसे अवैध हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने उनसे एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल जब्त कर उन्हें 25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। एसपी गेहलोद ने यह सफलता प्राप्त करने पर टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

*सिकलीगरों से खरीदते थे हथियार:-*
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ करने पर बताया कि उन्होंने ये हथियार उण्डी खोदरी पलसूद निवासी सावनसिंह सिकलीगर एवं दिनेश सिंह सिकलीगर से लिए थे। उन्होंने बताया कि वे कम कीमत में हथियार खरीदकर ग्राहकों को अधिक कीमत में बेचकर लाभ कमाते थे। वे कुछ हथियार अपने पास भी रखते थे ।
*आरोपियों पर पूर्व में भी दर्ज हैं मामले:-*
उल्लेखनीय है कि आरोपी फिरोज उम्र 22 वर्ष निवासी सेंधवा पिछले वर्ष रामनवमी के समय सेंधवा में हुई सांप्रदायिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ थाना सेंधवा शहर में हत्या का प्रयास एवं आगजनी के मामले भी पंजीबद्ध हुए थे। रिजवान उम्र 35 वर्ष निवासी सेंधवा के खिलाफ भी मारपीट का मामला दर्ज है। रिजवान और फिरदौस ने पूछताछ में बताया कि वे खरगोन में एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की भी योजना बना रहे थे। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने उपडी खोदरी, पलसूद में दबिश देकर आरोपी दिनेशसिंह उम्र 21 साल निवासी उण्डी खोदरी, थाना पलसूद को गिरफ्तार कर लिया। दिनेश सिंह से दो अर्धनिर्मित देसी कट्टे, एक मोटरसाइकिल सहित हथियार बनाने के औजार एवं उपकरण भी जब्त किए गए हैं। फरार आरोपी सावनसिंह की तलाश जारी है।
*आरोपियों से जब्त सामग्री:-*
आरोपियों से 6 अवैध देशी पिस्टल, 12 बोर के 9 देसी कट्टे, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल, दो अर्ध निर्मित देसी कट्टे व औजार बनाने का सामान और चार जिन्दा कारतूस सहित कुल पांच लाख सैंतालीस हजार पांच सौ रुपए का मशरूका जब्त किया गया।
*दो सप्ताह के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई:-*
“एंटी माफिया अभियान” के तहत पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में बड़वानी पुलिस ने दो सप्ताह के भीतर तीसरी बड़ी कार्रवाई की है। बड़वानी जिले में पुलिस ने महज़ सात दिन के भीतर अवैध हथियार के सौदागरों के दूसरे संगठित गिरोह को गिरफ़्तार किया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में फर्जी दस्तावेज बनाकर आरटीओ बैरियर से गाड़ी पास कराकर शासन को राजस्व क्षति पहुँचाने वाले संगठित अपराधियों एवं अवैध हथियार निर्माण एवं ख़रीद फरोख्त में लिप्त गैंग के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)