Wednesday , February 11 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / भोपाल नरेला विधानसभा में बनेगा एक और फ्लाई ओवर

भोपाल नरेला विधानसभा में बनेगा एक और फ्लाई ओवर

– प्रभात चौराहे पर लगभग 35 करोड़ की लागत से बनेगा ग्रेड सेपरेटर

– मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया स्थल निरीक्षण

नरेला विधानसभा क्षेत्र में एक और फ्लाई ओवर (ग्रेड सेपरेटर) बनने जा रहा है। प्रभात चौराहे पर लगभग 35 करोड़ रूपये की लागत से ग्रेड सेपरेटर का निर्माण किया जाएगा। शनिवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने जिला प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित फ्लाई ओवर के लिए प्रभात चौराहे का निरीक्षण किया।

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि नरेला विधानसभा में प्रभात चौराहे पर ग्रेड सेपरेटर का निर्माण होगा, जो इस क्षेत्र का छठवाँ फ्लाई ओवर होगा। इसके पूर्व नरेला क्षेत्र में 4 फ्लाई ओवर स्वीकृत हो चुके हैं और चेतक ब्रिज को चौड़ा किया जा चुका है। सुभाष आरओबी पर यातायात शुरू हो चुका है। निशातपुरा आरओबी पर निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा ऐशबाग और द्वारका नगर आरओबी का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। प्रभात चौराहे पर बनने वाले ग्रेड सेपरेटर के निर्माण से ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

प्रभात चौराहे से रायसेन रोड पर ट्रैफिक का कम होगा दबाव

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रभात चौराहे पर ग्रेड सेपरेटर का निर्माण महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इससे पूर्व सुभाष नगर रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी का निर्माण कराया है, जो सुचारू रूप से चल रहा है। आरओबी से प्रतिदिन 5 से 7 लाख लोगों को लाभ मिल रहा है। प्रभात चौराहे और रायसेन रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के उद्देश्य से रायसेन रोड और स्टेशन के मध्य जो सड़क है, उस पर लगभग 35 करोड़ की लागत से 750 मीटर लंबे और 15 मीटर चौड़े ग्रेड सेपरेटर का निर्माण कराया जा रहा है।

ग्रेड सेपरेटर के निर्माण से 6 से 8 लाख नागरिकों को मिलेगा लाभ

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि किसी भी शहर में स्टेशन तक पहुँचने का जो भी मार्ग हो, उसमें यातायात की सुगमता होनी चाहिए। यह एक आदर्श शहर के विकास की अवधारणा को सुनिश्चित करता है। प्रभात चौराहे के ग्रेड सेपरेटर के निर्माण से नये और पुराने भोपाल सहित बीएचईएल के लगभग 6 से 8 लाख नागरिकों को स्टेशन पहुँचने की दूरी तय करने में आधा समय लगेगा और ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी।

मंत्री सारंग ने बताया कि आगामी पंद्रह दिनों में ग्रेड सेपरेटर के निर्माण के लिये टेंडर हो जाएगा और एक से डेढ़ माह में निर्माण कार्य प्रारंभ हो होकर लगभग डेढ़ वर्ष में इसका निर्माण पूर्ण हो जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)