Wednesday , February 25 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / लॉकडाउन में बुक हुए हवाई टिकट पर यात्रियों को पूरा पैसा लौटाए विमान सेवा कंपनियां

लॉकडाउन में बुक हुए हवाई टिकट पर यात्रियों को पूरा पैसा लौटाए विमान सेवा कंपनियां

– सरकार का निर्देश

नई दिल्ली। सरकार ने लॉकडाउन के पहले चरण में तीन मई तक की यात्रा के लिए बुक कराए गए हवाई टिकट पर यात्रियों को तीन सप्ताह के भीतर पूरा पैसा लौटाने का निर्देश दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में एक परामर्श जारी किया है। इसमें बताया गया है कि लॉकडाउन के पहले चरण यानी 25 मार्च से 14 अप्रैल के बीच यदि विमान सेवा कंपनियों ने लॉकडाउन के पहले या दूसरे चरण (25 मार्च से 03 मई) के लिए टिकट बुक किये हैं और उन्हें बुकिंग के पैसे पहले लॉकडाउन के दौरान ही मिल गया है तो वे टिकट रद्द कराने वाले यात्रियों को पूरा पैसा वापस करेंगे। पैसा तीन सप्ताह के भीतर वापस करना होगा।

इस निर्देश में विमान सेवा कंपनी को पैसा लॉकडाउन के पहले चरण में मिलने की शर्त से एजेंटों और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है क्योंकि आम तौर पर एजेंट कुछ समय बाद एयरलाइंस को पैसा हस्तांतरित करते हैं। क्रेडिट कार्ड कंपनियां भी कुछ दिन बाद ही पैसे का भुगतान मर्चेंट को करती हैं।

इससे पहले लॉकडाउन के दौरान निजी विमान सेवा कंपनियों द्वारा टिकट की बुकिंग और रिफंड को लेकर आ रही शिकायतों पर संज्ञान लेते हुये नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बुधवार को सभी निजी विमान सेवा कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बात की थी। मंत्रालय ने उनके साथ बातचीत के बाद यह परामर्श जारी किया है।

उल्लेखनीय है कि पहले जब सरकार ने 14 अप्रैल तक लॉकडाउन की घोषणा की थी तो निजी विमान सेवा कंपनियों ने 15 अप्रैल और उसके बाद की यात्रा के लिए टिकट की बुकिंग शुरू कर दी थी जबकि उस समय यह तय नहीं था कि 14 अप्रैल के बाद लॉकडाउन बढ़ाया जायेगा या नहीं। इसी प्रकार लॉकडाउन बढऩे के बाद अब एयरलाइंस ने चार मई से टिकट की बुकिंग शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)