Tuesday , May 5 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / DU में एडहॉक शिक्षकों का विवाद सुलझा, शिक्षा सचिव ने ट्वीट कर दी जानकारी

DU में एडहॉक शिक्षकों का विवाद सुलझा, शिक्षा सचिव ने ट्वीट कर दी जानकारी

दिल्ली विश्वविद्यालय के एडहॉक शिक्षकों को लेकर विवाद सुलझ गया है. शिक्षा सचिव ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है. गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के इन शिक्षकों के मुद्दे पर बैठक हुई. इस बैठक में दिल्ली यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर, यूजीसी के अध्यक्ष, यूजीसी के सचिव और एमएचआरडी व यूजीसी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.

इस बैठक के बाद शिक्षक संघों के प्रतिनिधियों के साथ भी विचार-विमर्श किया गया. इसके बाद शिक्षा सचिव ने ट्वीट कर जानकारी दी कि एडहॉक शिक्षकों के स्थायी नौकरी का मुद्दा सुलझा लिया गया है.

बता दें कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडहॉक शिक्षकों ने गुरुवार को वाइस चांसलर ऑफिस की दीवार तोड़कर उनके ऑफिस पर कब्जा कर लिया. बुधवार को भी बड़ी तादाद में शिक्षक अंदर ऑफिस में दाखिल हो गए थे और बहुत देर तक हंगामा किया था. गुरुवार को जब दोबारा शिक्षक अंदर दाखिल होने गए तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की. इस दौरान जमकर हंगामा हुआ. फिर टीचर बाउंड्री की दीवार और ग्रिल तोड़कर वीसी ऑफिस के अंदर घुस गए.

क्या थी मांग

इन शिक्षकों की मांग है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडहॉक पर पढ़ाने वाले करीब 4500 शिक्षकों को स्थायी किया जाए. दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक आदेश जारी किया है. इस आदेश के तहत विश्वविद्यालय में एडहॉक के तौर पर पढ़ाने वाले अध्यापकों को गेस्ट टीचर बना दिया गया है. अब इन अध्यापकों की मांग है कि दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार इन सभी अध्यापकों को स्थायी करे.

दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन की हड़ताल के बाद बुधवार देर रात सैकडों एडहॉक टीचर्स ने वीसी ऑफिस को अपने कब्जे में ले लिया. अपनी मांगों को लेकर वाइस चांसलर दफ्तर के अंदर प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों की मांग है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में तकरीबन 4500 एडहॉक टीचर्स को स्थायी किया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)