
भोपाल। रचना नगर और सुभाष नगर अंडर ब्रिज के बीच एक युवक चलती ट्रेन से गिर गया। युवक को गंभीर चोट आई थी और एंबुलेंस उसे अस्पताल लेकर पहुंची थी, वहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। ऐशबाग पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक रामप्रकाश पिता फूलचंद्र जिला बलरामपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह मुंबई के ठाने इलाके में रहकर पीओपी का काम करता था। गत रविवार को रामप्रकाश अपने छोटे भाई सुभाष चंद्र के साथ मुंबई से गांव जाने के लिए निकला था। दोनों भाई ट्रेन की जनरल बोगी में सफर कर रहे थे।
सोमवार देर रात रामप्रकाश कोच के गेट पर बैठा हुआ था, तभी नींद की झपकी लगते ही वह सुभाष नगर फाटक के पास गिर गया। राहगीरों से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल युवक को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया था। इधर, ट्रेन जब भोपाल मुख्य स्टेशन पर रुकी तो छोटा भाई सुभाष उतरकर घटनास्थल पर पहुंचा था, लेकिन उसे पता चला कि भाई को एंबुलेंस हमीदिया अस्पताल ले गई है। सुभाष किसी तरह भी हमीदिया अस्पताल पहुंचा, वहां उसके भाई का इलाज चल रहा था। मंगलवार दोपहर बाद इलाज के दौरान राम प्रकाश की मौत हो गई।
Dainik Aam Sabha