
भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बृहस्पतिवार को आयोजित भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक ने पी के महापात्र ने बताया कि सभी पक्षों और सेवकों के सहयोग से कार्यक्रम के अनुसार अनुष्ठान आयोजित किए गये। श्रद्धालु रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के साथ ही भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान सुदर्शन की प्रतिमाएं लेकर चले। पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने रथों पर प्रतिमाओं पर पुष्प चढ़ाये।
महापात्र ने बताया कि लोगों ने अपराह्र लगभग दो बजकर 15 मिनट पर रथों को खींचना शुरू किया था। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, अन्य मंत्री और विधायकों समेत कई लोग इस मौके पर पुरी में मौजूद थे। पटनायक ने भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा के दौरान लोगों को बधाई दी और लोगों की खुशी तथा समृद्धि के लिए भगवान का आशीर्वाद लिया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस मौके पर लोगों को बधाई दी।
राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘रथ यात्रा के पावन मौके पर साथी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से सभी के जीवन में शांति, खुशी और समृद्धि आए।’’ मोदी ने इसे विशेष अवसर बताते हुए सभी की समृद्धि की कामना की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘रथयात्रा के इस शुभ अवसर पर सभी को शुभकामनाएं। हम भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करें और सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि के लिए उनका आशीर्वाद मांगे।
Dainik Aam Sabha