
* पार्टी प्रत्याशी साथ मल्लेश्वरम विधानसभा में किया जनसंपर्क, पदयात्रा में हुए शामिल
आम सभा, बेंगलुरू।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा को दो दिवसीय कर्नाटक चुनाव प्रचार पर बेंगलुरू पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बेंगलुरू जिले की मल्लेश्वरम विधानसभा के प्रत्याशी एवं कर्नाटक सरकार में उच्च शिक्षा व आईटी मंत्री डॉ. सीएन अश्वथ नारायण के साथ सघन जनसंपर्क कर चुनाव प्रचार में भाग लिया। चुनाव प्रचार के पहले दिन शर्मा ने पदयात्रा में शामिल होकर घर घर जनसम्पर्क किया और स्थानीय कार्यक्रम में शामिल हुए।
दो दिवसीय कर्नाटक चुनाव प्रचार पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने चुनाव प्रचार के पहले दिन बेंगलुरु जिले की मल्लेश्वरम विधानसभा में चुनाव प्रचार किया। विष्णुदत्त शर्मा ने शंकराचार्य जी जयंती के अवसर पर मल्लेश्वरम विधानसभा स्थित शंकराचार्य मंदिर में पार्टी प्रत्याशी डॉ. सीएन अश्वथ नारायण के साथ शंकराचार्य जी की प्रतिमा का पूजन व अर्चन कर चुनाव प्रचार का विधिवत शुभारंभ किया। विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी प्रत्याशी के साथ स्थानीय मैत्रीगैरा, यशवंतपुर, सूबेदार पालिया में सघन जनसम्पर्क करते हुए भारतीय जनता पार्टी को जिताने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने वार्ड क्रमांक 35 एवं 36 में आयोजित पदयात्रा में शामिल होकर कार्यकर्ताओं के साथ कर घर- घर जनसंपर्क किया । उन्होंने स्थानीय रहवासियों से संवाद करते हुए उन्हें मोदी सरकार और कर्नाटक सरकार द्वारा किये गए विकास कार्यों पर चर्चा की।

*पदयात्रा और बैठक में शामिल हुए प्रदेश अध्यक्ष
विष्णुदत्त शर्मा पार्टी प्रत्याशी एवं कर्नाटक सरकार में उच्च शिक्षा व आईटी मंत्री डॉ. सीएन अश्वथ नारायण और कार्यकर्ताओं के साथ गायत्री नगर डी ब्लॉक नंबर 76 में आयोजित पदयात्रा में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय रहवासियों से पदयात्रा में जनसम्पर्क कर पार्टी प्रत्याशी डॉ. नारायण को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने इस क्षेत्र के विकास को और आगे ले जाने के लिए डॉ. नारायण जी को पुनः अपना प्रत्याशी बनाया है। यहाँ की जनता ने भी हमेशा भाजपा और डॉ. सीएन अश्वथ नारायण जी पर विश्वास व्यक्त किया है। आपके आशीर्वाद से डॉ. नारायण फिर विजयी होंगे। पदयात्रा और जनसम्पर्क के पश्चात शर्मा ने वार्ड क्रमांक 66 के सी-ब्लॉक एवं 76 के मधुरम्मा बड़वाने में आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक में शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि इस विधानसभा चुनाव में 75 प्रतिशत वोटशेयर के साथ भाजपा प्रत्याशी डॉ. सीएन अश्वथ नारायण को ऐतिहासिक मतों से विजय दिलाकर कर्नाटक में भाजपा को और अधिक सशक्त करने का संकल्प लें।
इस अवसर पर प्रभारी गंगा हनुमया, मंडल अध्यक्ष श्री कावेरी केदारनाथ एवं प्रधान कार्यदर्शी मल्लेश्वरम मंडल जयराम उपस्थित थे।
Dainik Aam Sabha