Saturday , February 21 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / नव मतदाताओं को 2003 के पूर्व के प्रदेश की दुरावस्था बताएं पार्टी कार्यकर्ता : विष्णुदत्त शर्मा

नव मतदाताओं को 2003 के पूर्व के प्रदेश की दुरावस्था बताएं पार्टी कार्यकर्ता : विष्णुदत्त शर्मा

नव मतदाताओं को 2003 के पूर्व के प्रदेश की दुरावस्था बताएं पार्टी कार्यकर्ता : विष्णुदत्त शर्मा

* भोपाल ग्रामीण के हर्राखेड़ा मंडल में आयोजित युवा चौपाल को प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित

*आम सभा*,भोपाल। वर्तमान समय विकास की दृष्टि से मध्यप्रदेश के लिए स्वर्णिम काल है। लेकिन 2003 के पहले यह स्थिति नहीं थी। सड़क, बिजली, पानी की उपलब्धता ऐसी नहीं थीं। लेकिन हमारे नव मतदाता, जिनका जन्म 2003 के बाद हुआ है, उन्होंने प्रदेश की उस दुरावस्था को नहीं देखा। युवा चौपाल का उद्देश्य यही है कि नव मतदाताओं को प्रदेश की उस दुरावस्था की जानकारी दी जाए। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर भोपाल ग्रामीण के हर्राखेड़ा मंडल में आयोजित युवा चौपाल को संबोधित करते हुए कही।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रत्येक पंचायत पर 11 युवाओं की समिति गठित कर नव मतदाताओं को संगठन से जोड़ने का भाजपा युवा मोर्चा का यह अभियान अभिनंदनीय है। पंचायत स्तर की यह समितियां ही युवा चौपालों के आयोजन में समन्वय करेंगी। विष्णुदत्त शर्मा ने युवाओं से संवाद करते हुए खेल, कला, समाजसेवा, शिक्षा आदि के क्षेत्र में सक्रिय युवाओं की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। युवाओं से नशे के खिलाफ काम करने का आह्वान करते हुए विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नशा एक बुराई है, लेकिन यह प्रवृत्ति काफी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश में स्वच्छता अब सिर्फ नारा नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के उपरांत अब यह एक जनअभियान बन गया है। जन सहयोग से ही इंदौर शहर ने स्वच्छता के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं और लगातार देश के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार जीत रहा है। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने युवाओं को संकल्प दिलाते हुए कहा कि अपनी – अपनी ग्राम पंचायत में प्रत्येक बूथ पर आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में 51 प्रतिशत वोटशेयर हासिल करने के लिए कार्य करेंगे।
*युवा समिति अध्यक्ष का किया अभिनंदन*
युवा चौपाल के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पंचायत की 11 सदस्यीय युवा समिति के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने समिति के अध्यक्ष प्रीतम कुशवाहा को मंच पर बुलाकर पुष्पहार से उनका अभिनंदन भी किया।
*दीवार लेखन किया, ट्रायसिकल वितरित की*
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी के स्थापना दिवस पर हर्राखेड़ा मंडल के बूथ क्रमांक 206 पर दीवार लेखन किया। इसके साथ ही एक कार्यक्रम में उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राइसिकल भी वितरित की।
इस अवसर पर कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, जिलाध्यक्ष केदार सिंह मंडलोई, पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह मीणा, पर्वत सिंह पटेल, वरिष्ठ नेता गोविन्दराम गूर्जर, रमेश शर्मा, गोपालदास आगर, राजमल कुशवाह, लक्ष्मीनारायण शिल्पी, राजमल गुप्ता, सहित जिला पदाधिकारी मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)