Wednesday , March 11 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / उत्तर प्रदेश / पेड़ से लटका मिला किशोरी का शव

उत्तर प्रदेश / पेड़ से लटका मिला किशोरी का शव

कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के तिर्वा थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता एक किशोरी का शव गांव के बाहर एक पेड़ पर से लटकता मिला है। परिजनों ने किशोरी की बलात्कार के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, तिर्वा थाना क्षेत्र के एक किसान की 14 वर्षीय बेटी बुधवार को होली के दिन लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसके बारे में कोई जानकारी न मिलने पर किशोरी के पिता ने तिर्वा कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम किशोरी का शव गांव के बाहर एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी बुधवार को चारा लेने खेत गई थी, जहां उसका अपहरण कर लिया गया और फिर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए किशोरी के शव को उसी के दुपट्टे से पेड़ पर लटका दिया गया। पुलिस ने कहा कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी गहराई से छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)