
भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर कथित तौर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। घटना में महिला झुलस गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शहर के कोतवाली पुलिस थाना इलाके कबीर वाली मस्जिद के पास बुधवार दोपहर को हुई। रईस खान के खिलाफ अपनी पत्नी मुस्कान (22) को आग लगाने के आरोप में यहां कोतवाली पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी राजस्थान का रहने वाला है और घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। मुस्कान की शादी तीन साल पहले हुई थी और शुरू से ही उसका पति दहेज की मांग को लेकर मुस्कान को परेशान करता था, जिसके कारण करीब आठ महीने पहले वह भोपाल आ गई थी और यहां एक केन्द्र में बुजुर्गों की देखभाल का काम करती थी।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार जब वह किसी काम से घर से बाहर थी, तो उसे रास्ते में रईस मिल गया और उससे साथ चलने के लिए कहने लगा। पुलिस ने कहा कि शिकायत के अनुसार जब महिला ने उसके साथ जाने से इनकार किया, तो उसके पति ने पेट्रोल से भरी बोतल जेब से निकाल कर उसके सिर पर पेट्रोल डाल दिया और लाइटर से आग लगा दी। मिश्रा ने बताया कि सड़क से गुजर रहे लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई और महिला को बचाया। तब तक मुस्कान पांच से सात प्रतिशत जल गई थी। उसकी हालत खतरे से बाहर है। हमीदिया अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।”
Dainik Aam Sabha