Tuesday , March 17 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / कोरोना वायरस : भारत में संक्रमण के 1.27 लाख नए मामले आए सामने

कोरोना वायरस : भारत में संक्रमण के 1.27 लाख नए मामले आए सामने

नई दिल्ली : भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,27,952 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,20,80,664 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 13,31,648 रह गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 से 1,059 और लोगों की मौत के बाद संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,01,114 हो गई। देश में अभी 13,31,648 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.16 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,03,921 की कमी दर्ज की गयी। देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 95.64 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 7.98 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 11.21 प्रतिशत दर्ज की गई।

देश में अभी तक कुल 4,02,47,902 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 168.98 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)