Wednesday , February 11 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / भोपाल / विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया कोलार में दीनदयाल रसोई का शुभारंभ

भोपाल / विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया कोलार में दीनदयाल रसोई का शुभारंभ

– सड़कों के निर्माण हेतु किया भूमिपूजन

आम सभा, भोपाल : दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार में स्थापित दीनदयाल रसोई का विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने शुभारंभ किया। नगर निगम द्वारा दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना के द्वितीय चरण में इस रसोई केन्द्र की स्थापना की गई है। यहां गरीबों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री शर्मा ने हितग्राहियों को भोजन भी परोसा और कुछ को अपने हाथ से भी भोजन कराया साथ ही इस क्षेत्र में सड़कों के निर्माण हेतु भूमिपूजन भी किया और दीनदयाल रसोई के समीप सुलभ शौचालय निर्माण हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया। इस मौके पर निगम के अपर आयुक्त कमलेन्द्र सिंह परिहार, उपायुक्त विशाल सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व निगम अधिकारी मौजूद थे।

हुजूर विधान सभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार में नगर निगम, भोपाल द्वारा स्थापित दीनदयाल रसोई का दीप प्रज्जवलन कर फीता काटकर शुभारंभ किया। शुभारंभ अवसर पर रसोई में भोजन करने आए हितग्राहियों को श्री शर्मा ने स्वयं भोजन परोसा व कुछ हितग्राहियों को अपने हाथ से भोजन कराकर भोजन की गुणवत्ता, स्वाद आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। हितग्राहियों ने रसोई में उपलब्ध कराए गए भोजन के स्वाद एवं गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि अत्यंत कम शुल्क में बहुत अच्छा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान विधायक श्री शर्मा ने इस क्षेत्र में सड़कों के निर्माण हेतु भूमिपूजन भी किया और नागरिकों की सुविधा के दृष्टिगत् दीनदयाल रसोई के समीप सुलभ शौचालय निर्माण हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना का संचालन नगर निगम, भोपाल द्वारा किया जा रहा है। इस योजना के प्रथम चरण में अप्रैल 2017 में यादगार शाहजहानी पार्क, सुल्तानिया हास्पिटल क्षेत्र में एक रसोई प्रारंभ की गई और इस रसोई केन्द्र के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 900 गरीब लोगों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। शहर की पहली दीनदयाल रसोई के माध्यम से वर्तमान तक लगभग 18 लाख लोगों को भोजन कराया जा चुका है। दीनदयाल रसोई केन्द्र की उपयोगिता के दृष्टिगत् शासन द्वारा द्वितीय चरण में भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में गरीब बेसहारा लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार, करोंद चैराहा, रत्नागिरी एवं पुतलीघर बस स्टैण्ड में नवीन रसोई केन्द्र प्रारंभ किए जा रहे है। इन 05 रसोई केन्द्रों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 05 हजार गरीब लोगों को 10 रूपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। रसोई केन्द्रों में भोजन प्राप्त करने वाले प्रति हितग्राही के मान से शासन द्वारा 05 रूपये का अनुदान दिया जाएगा। रसोई केन्द्र प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 03ः00 बजे तक संचालित किए जाएगें एवं एक दिन साप्ताहिक अवकाश भी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)