Wednesday , February 11 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / भोपाल / रानी कमलापति मार्केट कहलाएगा, न्यू मार्केट में नव-निर्मित शॉपिंग कॉम्पलेक्स

भोपाल / रानी कमलापति मार्केट कहलाएगा, न्यू मार्केट में नव-निर्मित शॉपिंग कॉम्पलेक्स

– नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करते हुए की घोषणा

– न्यू मार्केट के कायाकल्प के लिए अनेक कार्यों की स्वीकृति की घोषणा भी की

आम सभा, भोपाल : नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि न्यू मार्केट स्थित 45 चबूतरों के स्थान पर नव-निर्मित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का नाम रानी कमलापति कॉम्प्लेक्स होगा। श्री सिंह ने न्यू मार्केट में शॉपिंग कॉम्पलेक्स का लोकार्पण करते हुए उक्त घोषणा की। श्री सिंह ने कहा कि युवाओं को देश के इतिहास, महापुरुषों और संस्कृति के बारे में जानकारी होनी चाहिये। श्री सिंह ने कोरोना काल की विषम परिस्थितियों के बावजूद केवल 08 माह की अवधि में काॅम्प्लेक्स का कार्य पूर्ण करने पर निगम आयुक्त के.वी.एस.चैधरी एवं नगर निगम को बधाई देते हुए कहा कि मैंने पहली बार देखा कि इतने कम समय में इतना काम पूरा किया गया है। इस काॅम्प्लेक्स के भूमिपूजन का अवसर भी मुझे ही मिला था। लोकार्पण अवसर पर विधायक पी.सी.शर्मा, पूर्व महापौर आलोक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी, व्यापारीगण व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने नवनिर्मित शाॅपिंग काॅम्प्लेक्स के लोकार्पण अवसर पर कहा कि यहाँ पहले 45 दुकानें थीं, अब 85 दुकानें बन गई हैं। इससे पुराने दुकानदारों के अलावा अन्य 40 लोगों को दुकानें मिल सकेंगी। इसके पास ही 36 दुकानों पर 75 दुकानें बनाई जा रही हैं। श्री सिंह कहा कि नगर निगम और स्मार्ट सिटी द्वारा विकास के अनेक कार्य किये जा रहे हैं और भोपाल देश की स्वच्छतम राजधानी है। श्री सिंह ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिये सरकार द्वारा सतत् प्रयास किये जा रहे हैं। श्री सिंह ने न्यू मार्केट से जुड़े अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि न्यू मार्केट भोपाल का ऐसा मार्केट है, जिसमें हर कोई जाना चाहता है और पहले मैं भी जब कभी भोपाल आता तो न्यू मार्केट जरूर आता था इसे और बेहतर बनाया जायेगा।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने व्यापारी संघ की माँग पर अनेक घोषणाएँ करते हुए कहा कि न्यू मार्केट में ग्रेनाइट के पेबिंग ब्लॉक, खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर और पिंक पार्किंग का सौंदर्यीकरण किया जायेगा तथा शी-लाउंज/बेबी फीडिंग सेंटर भी बनाया जायेगा और निःशुल्क आर.ओ. वॉटर फिल्टर लगाया जायेगा साथ ही न्यू मार्केट के चारों प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण भी किया जायेगा।

विधायक एवं पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि न्यू मार्केट शाॅपिंग काॅम्प्लेक्स के निर्माण से कच्ची दुकानों में बैठने वाले व्यापारी अब पक्की दुकानों में बैठेंगे। उन्होंने कहा कि न्यू मार्केट शहर का हृदय-स्थल है। पूर्व महापौर आलोक शर्मा ने कहा कि हम आने वाली पीढ़ी को साफ-सुथरा न्यू मार्केट सौंपकर जाना चाहते हैं।

निगम आयुक्त के.वी.एस. चैधरी ने शाॅपिंग काॅम्प्लेक्स की योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यापारियों के सहयोग से ही यह कार्य हुआ है और व्यापारियों की सहमति से आगे भी इस तरह के कॉम्पलेक्स बनाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि 01 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से 85 दुकानें बनाई गई हैं। इनमें भूतल में 45, प्रथम और द्वितीय तल में 20-20 दुकानें हैं। इस अवसर पर न्यू मार्केट व्यापारी संघ व खेड़ापति हनुमान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया और व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री सतीश गंगराड़े ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)