Wednesday , February 11 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / भोपाल में ‘ड्राइव इन वैक्सीनेशन” शुरू हुआ

भोपाल में ‘ड्राइव इन वैक्सीनेशन” शुरू हुआ

आम सभा, भोपाल : भोपाल में बने मध्यप्रदेश के पहले ड्राइव इन सिनेमा में राज्य सरकार के प्रयासों से ‘ड्राइव इन वैक्सीनेशन” शुरू हुआ है। स्वास्थ्य विभाग और यूनिसेफ के सहयोग से राज्य पयर्टन निगम की श्यामला हिल्स स्थित होटल लेक व्यू के परिसर में इसका संचालन किया जा रहा है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटर पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने वैक्सीनेशन करवाने आए व्यक्तियों से उनका हालचाल जाना और अन्य लोगों को भी इस नये प्रयोग के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। श्री सारंग ने कहा कि विशेषकर वृद्धजनों और महिलाओं के लिए यह टीकाकरण कार्यक्रम एक सुरक्षित और अनूठा प्रयोग है। इस तरह के नये प्रयोग मध्यप्रदेश के अन्य स्थानों में भी किए जायेंगे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक एस विश्वनाथन और कलेक्टर अविनाश लवानिया भी उपस्थित थे।

प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि भोपालवासियों को सुरक्षित और सुलभ वैक्सीनेशन की सुविधा के लिये यह नया प्रयोग शुरू किया गया है। ड्राइव इन वैक्सीनेशन के अंतर्गत प्रतिदिन शाम 5 बजे से 8 बजे तक 45 वर्ष से अधिक आयु के (प्री -रजिस्टर्ड) नागरिकों को टीका लगाया जायेगा।

वैक्सीनेशन के लिए नागरिक अपनी सुविधानुसार डेट और टाइम स्लॉट लेने के लिये https://cowin.gov.in पोर्टल और आरोग्य सेतु एप (Arogya Setu App) के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। एप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन होने पर डेट एवं टाइम स्लॉट का स्क्रीन शॉट या प्रिंट आउट के साथ ही वह फ़ोटो पहचान-पत्र लाना होगा, जिससे रजिस्ट्रेशन किया गया है। इससे नागरिक निर्धारित तिथि और समय पर पहुँचकर वैक्सीनेशन करा सकेंगे। ड्राइव इन वैक्सीनेशन कार्यक्रम में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों और कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)