
स्वीकृत होते ही अशोकनगर विधानसभा क्षेत्र का होगा कायाकल्प
आम सभा, विशाल सोनी, अशोकनगर। विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी द्वारा गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट कर उन्हें अशोकनगर विधानसभा क्षेत्र के चौमुखी विकास के लिए करोड़ों रुपए के प्रस्ताव सौंपे। और उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री महोदय शीघ्र ही इन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर विधानसभा क्षेत्र के चौमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगे। पूर्व विधायक श्री जज्जी ने बताया कि उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के लिए नौ बिंदुओं पर प्रस्ताव कार्यों की सूची तैयार की थी जिसे आज मुख्यमंत्री श्री चौहान को सौंप दिया ।
इसमें जिला मुख्यालय पर 500 करोड़ की लागत से कृषि महाविद्यालय का निर्माण, विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में लगभग 66 करोड़ रुपए की लागत से 11 लघु सिंचाई योजनाएं (स्टॉप डेम), 95 करोड़ की लागत से विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़कों का निर्माण, ग्राम बगुल्या, कजराई, सोवत, करैया राय, भादोन में विद्युत सब स्टेशन एवं शहरी पेयजल योजना हेतु बरखेड़ा छज्जू तालाब को आमाही तालाब से जोड़ने हेतु लगभग 6 करोड़ रुपए। तुलसी सरोवर तालाब सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 11 करोड़ रुपए इसके अलावा गर्ल्स स्कूल शाढ़ौरा एवं अशोकनगर के भवन की स्वीकृति हेतु, विश्राम गृह नगर पालिका को हस्तांतरित करने तथा अशोकनगर को स्मार्ट सिटी घोषित करने के संबंध में प्रस्ताव पत्र सौंपा गया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा चुनाव पूर्व उक्त विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की जाती है तो निश्चित तौर पर विधानसभा क्षेत्र का चौमुखी विकास होने के साथ बेरोजगारों के लिए लाभ होगा कारण अशोकनगर के बीच शहर में बना विश्राम गृह अगर नगर पालिका को हस्तांतरित हो जाता है तो उसमें शॉपिंग कांप्लेक्स का निर्माण कर हजारों की संख्या में दुकानों का निर्माण होगा जिससे शहर के बेरोजगारों को रोजगार के लिए दुकानें उपलब्ध होंगी, साथ ही छज्जू बरखेड़ा तालाब को आमाई तालाब से जोड़ने पर शहर की पेयजल समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी और शहरवासियों को पेयजल की आपूर्ति के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। साथ ही कृषि महाविद्यालय के निर्माण से कृषि प्रधान जिले में निवासरत छात्रों को शिक्षण सुविधा के साथ किसानों को कृषि से संबंधित जानकारियां उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व विधायक श्री जज्जी को आश्वत किया है कि अशोकनगर के विकास में कोई कमी नही रहने देंगे। इसके साथ ही किसानों को उपार्जन केंद्र पर आ रही परेशानियों को सुनकर उनके समाधान के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए है।
Dainik Aam Sabha