
आम सभा, भोपल : कोरोना संक्रमण से शहर के नागरिकों को बचाने हेतु जहां नगर निगम का अमला विशेषकर साफ-सफाई, सैनेटाईजेशन में संलग्न कर्मचारी दिन-रात एक कर कोरोना के विरूद्ध जंग लड़ रहे हैं, वहीं शहर के नागरिक भी निगम के सफाई मित्रों पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान एवं उत्साहवर्धन कर रहे हैं। शनिवार को भी इसी प्रकार जोन क्र. 01 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्र. 04 के आरा मशीन रोड क्षेत्र के नागरिकों ने निगम के सफाई अमले पर पुष्प वर्षाकर उनका सम्मान किया।

गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए पूरे शहर को लॉकडाउन किया गया है और नागरिकों को सुरक्षित रखने और उन तक यह संक्रमण न फैले, इसके लिए नगर निगम द्वारा निरंतर सेनेटाइजेशन का कार्य व्यापक पैमाने पर किया जा रहा है और सेनेटाइजेशन हेतु संसाधनों को बढ़ाने के लिए निगम द्वारा नई मशीनरी भी क्रय की जा रही है और निगम के पास मौजूद संसाधनों को मोडिफाई कर सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है।

निगम के सफाई योद्धा भी पूरे शहर को सेनेटाइज करने के साथ शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को भी निरंतर बेहतर ढंग से सुनिश्चित कर रहे हैं। सफाई मित्रों के इस योगदान को शहर के नागरिकों द्वारा सराहा भी जा रहा है और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर निगम अमले का सम्मान एवं उत्साहवर्धन कर रहे हैं। शनिवार को जोन क्र. 01 के अंतर्गत वार्ड क्र. 04 के बैरागढ़ स्थित आरा मशीन रोड के नागरिकों ने सफाई मित्रों का पुष्प वर्षा व तालियां बजाकर सम्मान व उत्साहवर्धन किया।
Dainik Aam Sabha