
देश इस वक्त कोरोना वायरस की महामारी से जूझ रहा है. प्रधानमंत्री ने 21 दिनों के लॉकडाउन का ऐलान किया है और लोगों से घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी जा रही है. कोरोना से लड़ने के लिए सबसे अहम लड़ाई डॉक्टर्स लड़ रहे हैं, लेकिन दिल्ली में कुछ मकान मालिक अपने यहां रह रहे डॉक्टरों को घर खाली करने को कह रहे हैं. अब दिल्ली सरकार ने ऐसे मकान मालिकों पर कड़ा एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं.
दिल्ली सरकार की ओर से सभी जिला अधिकारियों, पुलिस अफसरों से कहा गया है कि ऐसे मकान मालिक जो अपने घर पर रह रहे डॉक्टर, पैरामैडिकल स्टाफ या फिर हेल्थ केयर पर्सनल को तकलीफ पहुंचा रहे हैं या फिर परेशान कर रहे हैं, उनपर कड़ा एक्शन लिया जाए.
गौरतलब है कि देश के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक एम्स के कुछ डॉक्टरों ने इस बात को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को खत लिखा था.
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन की तरफ से गृह मंत्री को बताया गया था कि दिल्ली में कुछ मकानमालिक ऐसे हैं, जो उनके घर रह रहे डॉक्टरों को मकान खाली करने के लिए कह रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि डॉक्टर कोरोना पीड़ितों के संपर्क में हैं और अगर वो वापस घर में पहुंचे तो वहां भी इसका खतरा बढ़ सकता है.
एयर इंडिया स्टाफ के साथ भी हुई दिक्कत
सिर्फ डॉक्टर ही नहीं बल्कि एयर इंडिया के स्टाफ के साथ भी बीते दिनों यही मुश्किल आई थी. ईरान और इटली में फंसे भारतीयों को वापस लाने वाले एयर इंडिया के स्टाफ को उनके मकान मालिक, पड़ोसी इसी तरह परेशान कर रहे हैं और घर खाली करने को कह रहे हैं. जिसके बाद केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरीद पुरी ने सख्त एक्शन लेने की सलाह दी थी.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने संबोधन में कहा था कि ये वक्त सभी डॉक्टर्स, पुलिसकर्मी, मीडियाकर्मी, सफाईकर्मियों को सलाम करने का है.
Dainik Aam Sabha