Thursday , March 5 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / पाक मंत्री फवाद हुसैन ने पीएम मोदी पर किया शर्मनाक ट्वीट, पाकिस्तानियों ने ही धिक्कारा

पाक मंत्री फवाद हुसैन ने पीएम मोदी पर किया शर्मनाक ट्वीट, पाकिस्तानियों ने ही धिक्कारा

इस्लामाबाद
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म किए जाने के बाद से पाकिस्तानी नेताओं की तरफ से भारतविरोधी बयानों का सिलसिला जारी है। भारत के खिलाफ लगातार भड़काऊ बयान देने वाले पाकिस्तान के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री फवाद हुसैन ने अब सभी सीमाएं लांघते हुए 69वां जन्मदिन मना रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इस बयान को लेकर फवाद को पाकिस्तान में ही धिक्कारा जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को जन्मदिन पर जब दुनियाभर के नेताओं से बधाइयां मिल रही थीं, उसी बीच पाकिस्तान के मंत्री का यह बेहूदा ट्वीट आया। फवाद हुसैन ने #मोदीबर्थडे के साथ लिखा, ‘आज का दिन हमें गर्भनिरोधकों का महत्व समझाता है।’

फवाद के इस ट्वीट की जमकर आलोचना हो रही है। ट्विटर पर कुछ लोग फवाद की मौज लेते हुए मीम्स भी शेयर कर रहे हैं। पाकिस्तान के पढ़े-लिखे तबके ने इस तरह के शब्द के इस्तेमाल पर पाकिस्तान के मंत्री को धिक्कारा है। ऐसा ही एक ट्वीट पाकिस्तानी पंजाब की एक प्रफेसर के ट्विटर हैंडल से आया। उन्होंने अपने शब्दों में पाकिस्तान के मंत्री और इमरान खान की सरकार को नसीहत भी दे डाली।

पाकिस्तानी ने ही दिखाया आईना
आयशा अहमद ने लिखा, ‘जहालत है, एक मिनिस्टर की सीट पर पाकिस्तान सरकार के प्रतिनिधि एक स्वतंत्र देश के प्रधानमंत्री को क्या कॉमेंट कर रहे हैं। इतनी दुश्मनी दिखानी है तो तकनीक में, लोकतंत्र में प्रतिस्पर्धा करो। बुरे अल्फाज में स्पर्धा करके विनर होना कोई सम्मान नहीं है मिस्टर मिनिस्टर।’

कराची से लिखा, आपको कोई काम नहीं है क्या
खास बात यह है कि पाकिस्तान के लोग भी फवाद की इस हरकत की निंदा कर रहे हैं। कराची के एक ट्विटर हैंडल से लिखा गया, ‘आपको कोई काम नहीं दिए हैं खान साहब (पाक पीएम इमरान खान) ने, जो सुबह-सुबह जाहिलों से ट्वीट स्टार्ट कर दिए…।’

चंद्रयान पर भी ट्वीट कर हुए थे ट्रोल
चांद की सतह पर विक्रम की क्रैश लैंडिंग पर भी फवाद ने बेहूदा ट्वीट किया था, जिस पर पाकिस्तान के लोगों ने ही उनकी आलोचना की थी। फवाद ने लिखा था, ‘जो काम आता नहीं पंगा नहीं लेते ना… डियर इंडिया’। पाक मंत्री ने व्यंग्य के तौर पर इंडिया को एंडिया भी लिखा था। इस पर उनकी खूब किरकिरी हुई। पाकिस्तान के लोगों ने ही नसीहत देते हुए कहा था कि हमारा पड़ोसी भारत आज कितना आगे निकल गया है और पाकिस्तान कहां है कभी इसपर भी सोचिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)