Saturday , May 30 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / सतीश पुनिया को राजस्थान और संजय जायसवाल को बिहार भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया

सतीश पुनिया को राजस्थान और संजय जायसवाल को बिहार भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया

जयपुर। 

राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर उस समय विराम लग गया जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सतीश पुनिया को राजस्थान और सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल को बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके साथ ही उत्तराखंड की भाजपा इकाई में अजय कुमार को संगठन महासचिव नियुक्त किया गया है।

 आमेर से विधायक व प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनिया भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। भाजपा के लगातार चार बार प्रदेश महामंत्री रह चुके पूनिया नए अध्यक्ष की सोशल इंजीनियरिंग में सबसे फिट बैठे। उन्हें संघ पृष्ठभूमि का भी माना जाता है। उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष मदनलाल सैनी के निधन से यह पद रिक्त हुआ था।

जानकारी के अनुसार जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में दूसरी बार सरकार बनी तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार के भाजपा अध्यक्ष भी मोदी मंत्रिमंडल का हिस्सा बन गए। जिन तीन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे, उनके लिए नए अध्यक्ष की तलाश शुरू हुई। इस प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के लिए भाजपा ने नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी, लेकिन बिहार राजस्‍थान के मामले में ऐसा नहीं हो सका था।

मालूम हो कि प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए तीन नामों को लेकर काफी दिन से राष्ट्रीय स्तर पर मंत्रणा चल रही थी। अन्य दावेदारों में सांसद राज्यवर्धन राठौड़ और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ शामिल थे। पूनिया लो प्रोफाइल जाट नेताओं में गिने जाते हैं। पूनिया लगातार 14 साल तक भाजपा के प्रदेश महामंत्री रहे हैं। राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष मदन लाल सैनी का निधन 24 जून को हो गया था। तभी से यह पद खाली था। अक्टूबर और नवंबर में राजस्थान के नगरीय निकायों के चुनाव है, ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)