Monday , March 16 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / यूपी: ताबड़तोड़ वारदातों से दहला उत्‍तर प्रदेश, 24 घंटे में 11 लोगों की हत्‍या

यूपी: ताबड़तोड़ वारदातों से दहला उत्‍तर प्रदेश, 24 घंटे में 11 लोगों की हत्‍या

लखनऊ:

उत्‍तर प्रदेश की कानून-व्‍यवस्‍था को चुनौती देती दो दुस्‍साहसिक वारदात से पूरा सूबा दहल गया. सोनभद्र में बेखौफ दबंगों ने जमीन की खातिर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर नौ लोगों की हत्‍या कर दी, वहीं संभल में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इन वारदात के बाद से सरकार और पूरा पुलिस महकमा हरकत में है. मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने दोनों वारदात पर सख्‍त कार्रवाई के आदेश दिये हैं.

पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह ने बताया कि सोनभद्र के घोरावल थाना क्षेत्र के उधा गांव में दो साल पहले ग्राम प्रधान यज्ञदत्त ने एक आईएएस अधिकारी से 90 बीघा जमीन खरीदी थी. यज्ञदत्त ने इस जमीन पर कब्जे के लिये बड़ी संख्‍या में अपने साथियों के साथ पहुंचकर ट्रैक्टरों से जमीन जोतने की कोशिश की. स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया. इसके बाद ग्राम प्रधान पक्ष के लोगों ने स्‍थानीय ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.

उन्होंने बताया कि इस वारदात में तीन महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गयी और 19 अन्य जख्मी हो गये. इस मामले में ग्राम प्रधान के भतीजों गिरिजेश और विमलेश सहित 24 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है.

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पुलिस ने जमीन के विवाद में ग्राम प्रधान पक्ष को पूर्व में भी पाबंद किया था और उसकी सम्पत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी मजिस्ट्रेट के यहां चल रही है.

उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद मध्य प्रदेश पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है. जरूरत पड़ने पर जमीन बेचने वाले आईएएस अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

रोंगटे खड़े कर देने वाली यह वारदात हाल के वर्षों में प्रदेश में हुई सबसे ज्यादा रक्तपात वाली घटना है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मिर्जापुर के मण्डलायुक्त और वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक को घटना के कारणों की संयुक्त रूप से जांच करने के निर्देश दिये हैं. साथ ही लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय करते हुए 24 घंटे में रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिये हैं.

योगी ने इस घटना में मारे गये लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता का एलान किया है. उन्होंने जिलाधिकारी सोनभद्र को निर्देश दिए हैं कि वह बताएं कि ग्रामवासियों को पट्टे आखिर क्यों मुहैया नहीं कराए गए थे.

इस बीच, सम्भल जिले में एक दूसरी वारदात में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर तीन कैदी फरार हो गए. अपर पुलिस महानिदेशक (कानून—व्यवस्था) पी.वी. रामाशास्त्री ने बताया कि मुरादाबाद की जेल से पेशी पर सम्भल जिले की चंदौसी स्थित अदालत लाये गये कुल 24 मुल्जिमों को वापस मुरादाबाद जेल ले जाया जा रहा था. रास्ते में शाम करीब पांच बजकर 20 मिनट पर बनियाठेर थाना क्षेत्र के धन्नूमल तिराहे के पास ये घटना हुई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)