महाराष्ट्र के नागपुर में एक नाई ने ग्राहक की मूंछें काट दीं तो उस शख्स ने नाई पर एफआईआर दर्ज करा दी। 35 साल के किरन ठाकुर ने बताया कि नाई सुनील ने जानबूझकर उनकी मूंछें काट दीं।
ठाकुर ने बताया कि मैं बाल और दाढ़ी कटवाने के लिए सुनील की दुकान पर गया। जिसके बाद सुनील ने मेरी मूंछें जानबूझ कर काट दीं। जिसके बाद मैंने उसका विरोध किया तो वह मुझे धमकी देने लगा। किरन ने कहा कि मैं अभिनंदन जैसी मूंछें रखना चाहता था। सुनील का कहना है कि मूंछ गलती से कट गई थी।
एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 507 (आपराधिक धमकी) के तहत गैर-संज्ञैय अपराध दर्ज किया है। दुकान पर बैठे एक ग्राहक ने मजाकिया लहजे में कहा कि शायद नाई को यह पता नहीं था कि लोकसभा में कांग्रेस ने मांग रखी थी कि बहादुर भारतीय वायु सेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन की हैंडल मूंछ का नाम ‘राष्ट्रीय मूंछ’ रखा जाए।
Dainik Aam Sabha