Monday , March 16 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / देशभर के कई हिस्सों में भीषण गर्मी, दिल्ली में पारा 46 डिग्री तक पहुंचा

देशभर के कई हिस्सों में भीषण गर्मी, दिल्ली में पारा 46 डिग्री तक पहुंचा

राष्ट्रीय राजधानी वासियों को तपिश और लू से निजात मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में लू का चलना और उच्चतर तापमान बना रहेगा। दिल्ली में मौसम का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड होने के एक दिन बाद शनिवार को तापमान में कुछ गिरावाट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अधिकारी एम महापात्रा ने बताया है कि हम पूर्वोत्तर राज्यों और अत्यधिक दक्षिणी प्रायद्वीप पर अगले 3-5 दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है क्योंकि तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया है और यह नीचे आएगा।

1- मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 3-4 दिनों से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, दक्षिण यूपी, उत्तरी एमपी और झारखंड के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी है। यह आनेवाले 2 दिनों तक रहेगी। इसके बाद यह कम होगी।

2- उत्तर प्रदेश में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। कानपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और लोग तेज धूप से खुद को बचाने के लिए सिर को कपड़े से ढका कर घरों से निकल रहे हैं।

3- दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को अधिकतम 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह में आर्द्रता का स्तर 48 फीसदी था। मौसम विभाग के अधिकारी ने दिन में और अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है।

4- पिछले करीब एक पखवाड़े से तपिश के रूप में आसमान से बरसती आग से बेहाल उत्तर प्रदेश के लोगों को एक-दो दिन में कुछ राहत मिल सकती है। आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने शनिवार को बताया कि अगले एक-दो दिन में प्रदेश के कुछ पूर्वी हिस्सों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इससे लोगों को प्रचंड तपिश से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि पश्चिमी भागों में गर्मी का कहर जारी रहने की सम्भावना है। उन्होंने कहा कि राज्य के पूर्वी हिस्सों में पिछले दो-तीन दिन से पुरवा हवा चलने के कारण तापमान में मामूली गिरावट हुई है।

5- मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के लगभग सभी मण्डल भीषण गर्मी से तप रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक हिस्से लू की चपेट में रहे। इस दौरान आगरा, वाराणसी, इलाहाबाद, मुरादाबाद, झांसी और मेरठ मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

6- बिहार की राजधानी पटना और इसके आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बदली छाई हुई है। इस बीच शुक्रवार की तुलना में शनिवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है लेकिन पुरवैया हवा चलने से उमस भरी गर्मी का दौर जारी है। राजधानी पटना का शनिवार का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

7- मौसम विभाग ने अपने पूवार्नुमान में कहा है कि आने वाले एक-दो दिनों तक बिहार के कुछ क्षेत्रों में आंशिक बदली छाई रहेगी तथा कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के भी आसार है। हालांकि, इस दौरान उमस भरी का दौर जारी रहेगा।

8- एम महापात्रा के अनुसार, मॉनसून 6 जून तक केरल पहुंच सकता है। फिलहाल उसने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी और अंडमान निकोबार के कुछ हिस्सों को कवर कर लिया है। आने वाले दो दिनों में यह कुछ और हिस्सों तक पहुंच जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)