मोहाली
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को बीजेपी नीत केंद्र सरकार पर देश को गलत राह पर ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की गतिविधियों के चलते राष्ट्र की स्वतंत्रता खतरे में पड़ सकती है।
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश की स्वतंत्रता को मजबूत बनाने में महत्त्वपूर्ण भमिका निभाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार साल से बीजेपी ने ऐसी बातों को बल दिया है जो भारतीय इतिहास को प्रतिकूल ढंग से प्रभावित कर सकती हैं।
उन्होंने कहा, ‘इससे एक बार फिर देश की आजादी खतरे में पड़ सकती है।’ यहां एक कार्यक्रम में सिंह ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, ‘मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि वे यह समझें कि मौजूदा सरकार कैसे राष्ट्र को एक गलत रास्ते पर ले जा रही है। इससे मजबूती से लड़ने की जरूरत है।’
राहुल ने की मनमोहन सिंह की तारीफ
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने एक बार कहा था कि स्वतंत्रता खतरे में हैं, पूरी ताकत से उसकी रक्षा करें। उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश की आजादी की जंग में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। बता दें कि इसी कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि 2019 में वह केंद्र की मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेकेंगे। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यह दिखाया कि कैसे विनम्रता और सम्मान के साथ नेतृत्व किया जाता है।
Dainik Aam Sabha