नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में बढ़ते अपराध पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चिंता जताते हुए सवाल पूछा, जिसपर दिल्ली पुलिस ने उन्हें जवाब दिया। दिल्ली में शनिवार से अब तक तीन अलग-अलग घटनाओं में नौ हत्याएं हो चुकी हैं। आम आदमी पार्टी (आप) ने इन घटनाओं को लेकर बिगड़ती कानून एवं व्यवस्था के लिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। वहीं जवाब में दिल्ली पुलिस ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अपराध 2018 की तुलना में कम हुए हैं।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘दिल्ली में गंभीर अपराधों में खतरनाक वृद्धि देखी जा रही है। एक बुजुर्ग दंपति और उनकी नौकर वसंत विहार में मृत पाए गए। शहर में पिछले 24 घंटे में नौ हत्याएं हो चुकी हैं। दिल्ली वालों की सुरक्षा के लिए किसका दरवाजा खटखटाया जाना चाहिए?’
इसपर दिल्ली पुलिस ने ट्विटर पर ही जवाब दिया। उनके अकाउंट से लिखा गया, ‘दिल्ली में इस तरह अपराध नहीं बढ़ा है। इस साल 2018 की तुलना में जघन्य अपराध 10 प्रतिशत कम हुए हैं। इसी तरह बुजुर्गों के खिलाफ जघन्य अपराध 22 प्रतिशत कम हुआ है।’ दिल्ली पुलिस ने दूसरे ट्वीट में कहा, ‘जिन घटनाओं का जिक्र मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कर रहे हैं, इन तीन में से दो मामलों में अपराध या तो परिवार के सदस्य द्वारा किया गया या घर के ही किसी व्यक्ति द्वारा किया गया। वसंत विहार मामले में भी घर आने वाला व्यक्ति दोस्ताना संबंध वाला था और पुलिस के पास इसे लेकर महत्वपूर्ण स्रोत हैं।’
बता दें कि राजधानी में अपराध जैसे रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पहला मामला महरौली का था। वहां शख्स ने पत्नी और तीन बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी थी। दूसरा मामला द्वारका का था। वहां ब्लाइंड म्यूजिक टीचर और उनकी पत्नी की चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों की गर्दन और पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए हैं। पति सरकारी स्कूल में म्यूजिक टीचर और पत्नी हाउस वाइफ थीं। घर में फ्रेंडली एंट्री से लगता है कि हत्यारा जानकार ही था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद वसंत विहार में ट्रिपल मर्डर हुआ। वहां बुजुर्ग दंपती और उनकी नर्स को किसी ने मार दिया। कातिल और मर्डर का अबतक पता नहीं है।
Dainik Aam Sabha