Saturday , July 27 2024
ताज़ा खबर
होम / देश / भारत में कोरोना वायरस के 10 हॉटस्पॉट, देखें लिस्‍ट इनमें कहीं आपका इलाका तो नहीं…

भारत में कोरोना वायरस के 10 हॉटस्पॉट, देखें लिस्‍ट इनमें कहीं आपका इलाका तो नहीं…

नई दिल्ली।

देश में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सरकार इस समय 10 जगहों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। हाल के दिनों में इन जगहों से कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, केरल और महाराष्ट्र की दो-दो जगहें और गुजरात व राजस्थान की एक-एक जगह है। आइए कोरोना संक्रमण का हॉटस्पॉट बने इन जगहों पर डालते हैं एक नजर…

दिल्ली में निजामुद्दीन

दक्षिणी दिल्ली का निजामुद्दीन इलाका पिछले कुछ दिन से बहुत चर्चा में है। यहां तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल होने आए लोगों में बड़े पैमाने पर कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनके कारण अकेले दिल्ली में 24 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जबकि 441 लोगों को लक्षण दिखने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरकज में हिस्सा लेकर लौटे तेलंगाना के छह लोगों की मौत हो चुकी है।

दिल्‍ली में ही दिलशाद गार्डन

उत्तर पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन में सऊदी अरब से लौटी एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। उससे उसकी बेटी और दो रिश्तेदारों को भी कोरोना हो गया। महिला मोहल्ला क्लीनिक भी गई थी, जहां डॉक्टर संक्रमित हो गया। डॉक्टर से उसकी पत्नी को भी संक्रमण हो गया। पुष्टि होने से पहले डॉक्टर ने कई अन्य मरीजों का भी इलाज किया था। ऐसे में और भी मामले आने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश में नोएडा

उत्तर प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले गौतमबुद्ध नगर जिले से सामने आए हैं। यहां तीन दर्जन से ज्यादा लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से करीब दो दर्जन मामले नोएडा की एक निजी कंपनी से जुड़े हैं। फिलहाल इस कंपनी को सील कर दिया गया है और इसके संचालकों पर लोगों की जान खतरे में डालने का मामला दर्ज किया गया है। नोएडा व ग्रेटर नोएडा में इस समय करीब दो हजार लोग निगरानी में हैं।

मेरठ भी बना हॉटस्पॉट

उत्तर प्रदेश में मेरठ दूसरा हॉटस्पॉट बनकर सामने आया है। यहां करीब 20 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। यहां सोमवार को 17 सैंपल जांचे गए थे, जिनमें से छह पॉजिटिव पाए गए। इनमें से चार एक ही परिवार के हैं।

मुंबई में 200 केस

मुंबई में अब तक करीब 200 पॉजिटिव केस आए हैं। यहां कोरोना के कारण आठ लोगों की जान भी जा चुकी है। यहां राज्य स्वास्थ्य विभाग ने वर्ली के कोलीवाड़ा और गोरेगांव को हॉटस्पॉट घोषित किया है। महाराष्ट्र में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 300 पार हो गई है।

पुणे में चार दर्जन मामले

मंगलवार तक पुणे में करीब चार दर्जन पॉजिटिव केस आ चुके थे। महाराष्ट्र के पहले दो मामले पुणे में ही सामने आए थे। यहां विदेश से लौटे और उनके करीबियों को मिलाकर 3,500 से ज्यादा लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है।

केरल में कासरगोड

केरल का कासरगोड देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से है। यहां अब तक करीब 100 लोगों में वायरस की पुष्टि हो चुकी है। करीब 8,000 लोग निगरानी में हैं और डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

पतनमथिट्टा

केरल के इस इलाके में पॉजिटिव मामले तो अभी कम हैं, लेकिन यहां 7,000 से ज्यादा लोगों को निगरानी में रखा गया है। ऐसे में यहां अगले कुछ दिनों में कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आने की आशंका है।

गुजरात में अहमदाबाद

गुजरात में अब तक सबसे ज्यादा मामले अहमदाबाद से आए हैं। यहां अब तक दो दर्जन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। यहां अब तक कोरोना से तीन लोगों की जान भी जा चुकी है। इसे हॉटस्पॉट घोषित करते हुए स्थानीय प्रशासन ने पॉजिटिव पाए गए मरीजों के घर के तीन किलोमीटर तक के दायरे को पूरी तरह बंद कर दिया है। यहां स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा किसी को भी आने-जाने की जरूरत नहीं है।

राजस्थान में भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में अब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। पॉजिटिव पाए गए दो लोगों की जान भी जा चुकी है। यहां सबसे पहले एक निजी अस्पताल के डॉक्टर में संक्रमण का पता चला था। अब जितने मामले सामने आए हैं, उनके से ज्यादातर अस्पताल के स्टाफ या डॉक्टर के संपर्क में आए मरीज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)